मुंगेर डीएम नवीन कुमार ने इंद्ररुख पंचायत स्थित चेकडैम का किया निरीक्षण

Share With Friends or Family

मुंगेर जिलाधिकारी नवीन कुमार द्वारा आज गुरूवार को जमालपुर प्रखंड के इंद्ररूख पंचायत स्थित चेकडैम का निरीक्षण किया गया। विदित हो कि स्थानीय किसानों द्वारा जिलाधिकारी को लिखित शिकायत की गयी थी कि यहां मौजूद चेक डैम के पानी को स्थानीय मुखिया एवं मछुआरों द्वारा बहा दिया जाता है। ताकि उन्हें मत्स्य पालन में परेशानी न हो। इस कारण से स्थानीय किसानों को खेतों की सिंचाई के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

IMG 20230216 WA0030

वही मुंगेर जिलाधिकारी नवीन कुमार के द्वारा किसानों के आवेदन पर संज्ञान लेते हुए गुरूवार को स्थानीय चेकडैम का निरीक्षण किया गया। चेक डैम जाकर जिलाधिकारी नवीन कुमार ने सिर्फ स्थानीय किसानों से मिले बल्कि उनकी समस्याओं को भी सुना। किसानों ने कहा कि डैम के पानी बह जाने के कारण उन्हें खेतों को सिंचने में काफी परेशानियां उठानी पड़ती है। खेतों को सिंचने के लिए उनके पास एक मात्र सहारा यह डैम ही है, जिसका पानी बहा देने के कारण उनके खेतों की समय पर सिंचाई नहीं हो पाती है। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि यदि ऐसी समस्याएं है तो इसकी जांच कर स्थानीय मुखिया एवं मछुआरों के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय किसान मुंदन सिंह, रामजन्म सिंह, परमानंद सिंह, रामप्रवेश कुमार, अमित कुमार आदि किसानों ने जिलाधिकारी नवीन कुमार से डैम के समीप ही झाना नदी डकरा नाला पुल पर किसानों के आवागमन हेतु एक पुल निर्माण की मांग की गयी है। इस पर जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि इसके लिए विभाग से बात कर उन्हें अवगत कराया जाएगा। उन्होंने स्थानीय किसानों से कहा कि आपके हर प्रकार की समस्याओं के समाधान हेतु कार्रवाई की जाएगी। यदी डैम के पानी को बहा दिया जाता है तो डैम की निगरानी के लिए एक गार्ड को रखने की भी व्यवस्था की जाएगी।

Share With Friends or Family

Leave a Comment