अपने एक दिवसीय सम्मान कार्यक्रम के तहत मुंगेर पहुंचे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, कार्यकर्ताओं ने कहीं लड्डू से तो कहीं सिक्का से तोला तो कही मुकुट और गदा से तौल कर किया अभिनंदन। तो वही अपने दिए भाषण में सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार को आड़े हाथ ले कहा अब परिवर्तन चाह रही जनता, जदयू मुक्त बिहार के लिए कमर कस कर मैदान में उतरें कार्यकर्ता।
रिपोर्ट – रोहित कुमार
दरअसल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी का मंगलवार को कार्यकर्ताओं के द्वारा अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। सफियाबाद हवाई अड्डा से कार्यक्रम स्थल टाउन हाल पहुंचने तक जगह जगह कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। कुशवाहा मार्केट में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संजीव मंडल की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। अटल बिहारी वाजपेयी चौंक पर कार्यकर्ताओं ने लड्डू से तौल कर तथा टाउन हॉल में सिक्का से तौल कर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के 9 साल बेमिसाल अभियान के तहत अब तक 30 जिलों का दौरा कर चुके हैं। मुंगेर के कार्यकर्ताओं का उत्साह वर्द्धन करते हुए कहा कि मुंगेर का इतिहास रहा है कि मुंगेर राजा पैदा करता है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन दिनों राजद के साथ मिल कर बिहार को लूटने का काम कर रहे हैं। यह सब देख रही बिहार की जनता अब परिवर्तन के मूड में है। इसलिए कार्यकर्ता अभी से ही 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव और 2025 में होने वाले विधान सभा चुनाव की तैयारी में कमर कस कर जुट जाएं।
कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 450 वर्ष के बाद अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण हुआ है। बिहार में भाजपा की सरकार बनी तो माता सीता का भव्य मंदिर बिहार में बनाएंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रदेश का विकास तभी संभव है जब वहां सुशासन हो। यहां तो अपराधी बेलगाम हैं। जबकि भाजपा शासित प्रदेशों में अपराधी या तो जेल में हैं या जमीन के अंदर जा रहे हैं। अपराधियों का सफाया कर ही बिहार सुंदर बन सकेगा। शराबबंदी पर कहा कि नीतीश कुमार ही सबसे ज्यादा लोगों को शराबी बनाए। जब नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने उस समय मात्र 987 शराब की दुकान थी और जब शराबबंदी लागू हुई उस समय 11 हजार शराब की दुकान थी।
नीतीश कुमार गृह मंत्री हैं, लेकिन घर घर शराब की होम डिलेवरी हो रही है। प्रधानमंत्री के कार्यकाल का लेखा जोखा रखते हुए कहा कि वर्ष 2014 के पहले और उसके बाद के भारत की विकास आज दुनियां में मिसाल बन चुकी है। जन धन खाता खुलवाया ताकि आपका पैसा आपके खाते में रहे। प्रधानमंत्री समूचे देश में 11 करोड़ मां बहनों के लिए शौचालय बनवा कर सम्मान देने का काम किए। वहीं नीतीश कुमार ठगने का काम कर रहे हैं। अभिनंदन समारोह के पश्चात सम्राट चौधरी साइकिल प र सवार होकर शहर के मुख्य सड़कों का भ्रमण किए। तत्पश्चात रथ यात्रा में शामिल हुए।