मुंगेर में एक पेड़ से अचानक झरने की तरह निकलने लगा पानी। देखकर लोग हुए हैरान। देखने वालों की उमड़ी भीड़। लोग इसे चमत्कार मानकर पानी बोतल में भरकर ले जाते दिखे। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।
दरअसल मुंगेर जिले के तारापुर प्रखंड स्थित पढ़भाड़ा गांव के मंडल टोला में इन दिनों एक अजीब और रहस्यमयी दृश्य लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। गांव के बीचों-बीच खड़े एक कहुआ पेड़ से अचानक झरने की तरह पानी बहने लगा, जिसने स्थानीय लोगों को हैरान-परेशान कर दिया। देखते ही देखते यह नज़ारा पूरे इलाके में सनसनी की तरह फैल गया और लोग समूह बनाकर मौके पर पहुंचने लगे।जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात ग्रामीणों ने ठंड से बचने के लिए पेड़ के पास अलाव जलाया था। और बुधवार सुबह जब लोग वहां पहुंचे तो उन्होंने देखा कि उसी पेड़ के तने से लगातार पानी निकल रहा है, मानो किसी झरने का स्रोत वहीं से फूट पड़ा हो।
गांव में उमड़ी भारी भीड़
यह देखकर ग्रामीणों की आंखें फटी की फटी रह गईं। कुछ ही मिनटों में यह खबर पूरे गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग पानी उगलता पेड़ देखने पहुंचने लगे।पेड़ से निकलते पानी का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेज़ी से वायरल हो गया, जिसके बाद आसपास के गांवों के लोग भी इसे देखने आने लगे। कई लोग इसे किसी चमत्कार या दिव्य संकेत से जोड़कर देख रहे हैं। कुछ ग्रामीण तो पेड़ से बहते पानी को बोतलों में भरकर घर ले जाते भी दिखाई दिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार किसी पेड़ को इस तरह लगातार पानी छोड़ते देखा है। गांव में उत्सुकता का माहौल है। कई लोग इसे शुभ संकेत बता रहे हैं, जबकि कुछ संशय में हैं कि आखिर पेड़ के अंदर ऐसा कौन-सा प्राकृतिक कारण हुआ, जिससे पानी का बहाव शुरू हो गया। हालांकि अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
