मुंगेर पुलिस को मिली बड़ी सफलता। गिट्टी लदे हाइवा से 513 कार्टून अंग्रेजी शराब बरामद, अरुणाचल प्रदेश से देवघर होते हुए बिहार लाई जा रही थी शराब की यह बड़ी खेप, संग्रामपुर पुलिस की कार्रवाई से हड़कंप, चालक गिरफ़्तार।
गुप्त सूचना के आधार पर शुरू हुआ अभियान
दरअसल मुंगेर के संग्रामपुर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जहां पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गिट्टी लदे एक हाइवा वाहन से 513 कार्टून अंग्रेजी शराब बरामद किया है। बरामद शराब की मात्रा 4617 लीटर है। यह शराब अरुणाचल प्रदेश से देवघर होते हुए बिहार लाई जा रही थी। इस कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
गिट्टी के अंदर छिपी थी शराब की बड़ी खेप
दरअसल मुंगेर जिला अंतर्गत संग्रामपुर थाने की पुलिस को यह बड़ी सफलता अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान मिली। जहां गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक गिट्टी लदे हाइवा वाहन को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हाइवा का पीछा किया और शामपुर थाना क्षेत्र में वाहन को पकड़ लिया। वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस ने गिट्टी के नीचे चतुराई से छिपाकर रखे गए 513 कार्टून में 4617 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद किए। पुलिस के अनुसार तस्कर शराब को निर्माण सामग्री की आड़ में छिपाकर ले जा रहे थे, ताकि किसी को शक न हो।
चालक रफ्तार, वाहन जब्त
इस मामले में मुंगेर के तारापुर डीएसपी सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि तस्कर शराब को गिट्टी के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे। हाइवा वाहन को जब्त कर लिया गया है और चालक को गिरफ्तार किया गया है। तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। इस शराब की खेप को झारखंड से बिहार लाई गई। और समस्तीपुर में इसकी डिलेवरी होनी थी। लेकिन मुंगेर पुलिस ने इसे जप्त कर लिया है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
गिरफ्तार चालक धनबाद का रहने वाला बताया जा रहा है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि जिले में अवैध शराब तस्करी पर नकेल कसने का अभियान पूरी सख्ती से जारी है।
