मुंगेर के तारापुर थाना में एसपी सैयद इमरान मसूद ने लगाया जनता दरबार, आम लोगों की सुनी समस्याएं। और त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश। SP बोले जनता दरबार सिर्फ सुनवाई नहीं, हर आवेदन पर होगी त्वरित कार्रवाई
तारापुर थाने में SP ने लगाया जनता दरबार
दरअसल पुलिस मुख्यालय के आदेश पर मुंगेर जिले के तारापुर थाना परिसर में बुधवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिसमें SP सैयद इमरान मसूद स्वयं उपस्थित रहे। जनता दरबार में बड़ी संख्या में लोग अपने अपने समस्याओं और शिकायतों को लेकर पहुंचे। एसपी ने एक-एक फरियादी की बात गंभीरता से सुनी और कई मामलों में मौके पर ही त्वरित निर्णय लिए, जिससे लोगों में न्याय मिलने की उम्मीद जगी। जनता दरबार में सबसे अधिक आवेदन भूमि विवाद से संबंधित सामने आए। फरियादियों ने वर्षों से लंबित मामलों, जमीन कब्जा और स्थानीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होने की शिकायतें दर्ज कराईं।
भूमि विवाद से जुड़े मामले रहे प्रमुख
इस दौरान एसपी सैयद इमरान मसूद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भूमि विवाद जैसे मामलों में पुलिस कानून और न्यायालय के आदेश के दायरे में रहकर ही कार्रवाई कर सकती है। बिना कोर्ट के आदेश के पुलिस कोई एकतरफा कदम नहीं उठा सकती, लेकिन संबंधित अंचल और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर निष्पक्ष समाधान की दिशा में पहल जरूर की जाएगी। जनता दरबार के दौरान कब्रिस्तान की जमीन से जुड़े एक विवाद में एसपी ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर उनकी बात सुनी और तथ्यों की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने मामले की संयुक्त जांच कराने का निर्देश दिया ताकि सच्चाई सामने आ सके और विवाद का स्थायी समाधान हो। घरेलू विवाद और मारपीट से जुड़े मामलों में एसपी ने सख्त रुख अपनाया। एक महिला फरियादी की शिकायत पर उन्होंने तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने और आरोपी की गिरफ्तारी का आदेश दिया। इसके अलावा तारापुर में लगने वाले जाम और यातायात से जुड़ी समस्याओं पर भी एसपी ने ठोस कदम उठाने की बात कही। उन्होंने कहा कि जनता दरबार केवल शिकायत सुनने का मंच नहीं, बल्कि समाधान की एक प्रभावी प्रक्रिया है और प्राप्त हर आवेदन पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस जनता दरबार में तारापुर डीएसपी सिंधुशेखर सिंह, एसडीओ राकेश रंजन कुमार, तारापुर थाना अध्यक्ष राजकुमार सहित कई सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
