मुंगेर में सोशल मीडिया पर फेमस होने की चाह अब युवाओं की जान पर भारी पड़ती दिख रही है। शहर में स्टंट और रेस ड्राइविंग का चलन तेजी से बढ़ रहा है, जहां युवक बीच सड़क पर जानलेवा करतब दिखाकर न सिर्फ अपनी बल्कि दूसरों की जिंदगी भी खतरे में डाल रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है जिले के सोझी घाट रोड से, जहां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई बाइकों को जब्त किया है।
सोझी घाट रोड पर दिखा खतरनाक नजारा
दरअसल सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ में मुंगेर के युवा अब सड़कों को स्टंट का मैदान बना रहे हैं। शहर के भगत सिंह चौक से सोझी घाट रोड तक कुछ युवक बाइक से रेस ड्राइविंग और खतरनाक स्टंट करते नजर आए। बीच सड़क इस तरह के करतबों से आम राहगीरों की परेशानी बढ़ गई और लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी।
पुलिस की सख्त कार्रवाई
सूचना मिलते ही यातायात डीएसपी प्रभात रंजन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही कई युवक बाइक छोड़कर फरार हो गए। हालांकि कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल सात बाइकों को जब्त किया है। इनमें से दो बाइक चालकों पर मौके पर ही पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया, जबकि पांच बाइकों को जब्त कर यातायात थाना लाया गया है, जिनका चालान काटा जाएगा। वही इस को मुंगेर के यातायात डीएसपी प्रभात रंजन ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि कुछ युवक बीच सड़क पर खतरनाक स्टंट कर रहे हैं। पुलिस के पहुंचते ही वे बाइक छोड़कर फरार हो गए। दो बाइक पर मौके पर ही जुर्माना किया गया है और पांच बाइक जब्त की गई हैं।
यातायात डीएसपी का बयान
वही उन्होंने युवाओं से अपील है कि इस तरह की रेस ड्राइविंग और स्टंट से बचें, क्योंकि यह आपकी जान के लिए बेहद खतरनाक है। बहरहाल, पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि अगर युवा अब भी नहीं संभले, तो आगे और सख्त कदम उठाए जाएंगे। जरूरत है कि युवा वर्ग जिम्मेदारी समझे और सोशल मीडिया की एक झलक के लिए अपनी जान जोखिम में न डाले।
