मुंगेर के तारापुर में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने पीएम मोदी की मन की बात सुनी, जनसभा में अपराधियों को चेतावनी और NEET छात्राकांड पर सख्त बयान दिया

Share With Friends or Family

अपने दो दिवसीय दौरे पर मुंगेर के तारापुर पहुंचे बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, आज दूसरे दिन संग्रामपुर के खैरा मैदान में जनता के साथ पीएम मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना, और खुले मंच से अपराधियों को कड़ी चेतावनी दी। बोले अपराध करने वाले अपराधियों के ऊपर चढ़ेगा माला, तो वही नीट छात्राकांड को लेकर बोले कि पारदर्शिता से जांच हो रही है, जो भी दोषी होगा उसे बक्शा नहीं जाएगा।

जनता के साथ सुना ‘मन की बात’ कार्यक्रम

दरअसल बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने आज रविवार को मुंगेर जिले के तारापुर विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान वे विधासभा के संग्रामपुर प्रखंड के खैरा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम ‘मन की बात’ को ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सुना। कार्यक्रम के बाद खैरा मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम ने विकास और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। जनसभा को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों पर सरकार की योजनाओं को तेजी से जमीन पर उतारा जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में तारापुर और आसपास के इलाकों में विकास की गति और तेज होगी, जिससे आम जनता का जीवन स्तर बेहतर होगा।

खुले मंच से अपराधियों को कड़ी चेतावनी

उपमुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कानून-व्यवस्था पर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने अपराधियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि बिहार में अब अपराधियों को माला पहनाने का नहीं, बल्कि माला चढ़ाने का काम किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में अपराध के लिए कोई जगह नहीं है और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने नीट छात्राकांड का भी जिक्र करते हुए बताया कि इस गंभीर मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सरकार पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सम्राट चौधरी ने कहा कि पुलिस को अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पूरी छूट दी गई है और लगातार अपराधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है। उन्होंने दोहराया कि कानून का राज स्थापित करना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसे भी पढ़ें :  सुल्तानगंज - कटोरिया रेल लाइन का काम होगा शुरू, असरगंज, तारापुर बेलहर होकर गुजरे की रेल लाइन, सरकार ने दी मंजूरी, इतने करोड होंगे खर्च

विकास और सुशासन पर जोर

सभा के अंत में उपमुख्यमंत्री ने लोगों से विकास और सुशासन के लिए सरकार का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से ही बिहार को अपराधमुक्त और विकसित राज्य बनाया जा सकता है। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Share With Friends or Family

Leave a Comment