मुंगेर में शराब माफिया पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गंगटा थाना क्षेत्र के महिमाचक गांव से 672 बोतल विदेशी शराब बरामद, दो चार चक्का वाहन जब्त, झारखंड से बिहार लाई गई थी शराब की यह बड़ी खेप, फरार तस्करों की तलाश जारी, मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद ने दी जानकारी।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई छापेमारी
दरअसल मुंगेर में शराब माफियाओं के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। इस कार्रवाई के बाद शराब तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है। यह कार्रवाई गंगटा थाना क्षेत्र के महिमाचक गांव में गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जहां से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है। वही इसकी जानकारी देते हुए मुंगेर पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि पुलिस को गंगटा थाना क्षेत्र के महिमाचक गांव में कुछ लोगों द्वारा शराब की तस्करी किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही हवेली खड़गपुर डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में गंगटा थाना अध्यक्ष राहुल कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
672 बोतल विदेशी शराब और वाहन जप्त
पुलिस टीम ने निर्धारित स्थान पर छापेमारी की। जहां जांच के दौरान दो चार चक्का वाहनों से 375 एमएल की कुल 672 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई। इनमें 375 एमएल की 336 बोतल रॉयल स्टैग और 375 एमएल की 336 बोतल आइकॉनिक व्हिस्की शामिल हैं। कुल मिलाकर लगभग 252 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई है। इसके साथ ही दोनों चार चक्का वाहन को जब्त कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया है। एसपी ने बताया कि बरामद शराब की यह खेप झारखंड से बिहार लाई गई थी। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि शराब तस्करी के इस धंधे में एक संगठित गिरोह सक्रिय है, जो लगातार अवैध शराब की आपूर्ति कर रहा था। एसपी ने बताया कि इस गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों की पहचान कर ली गई है, जो फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
