मुंगेर में भूमि विवाद बना खूनी, टेटिया बंबर के खपरा गांव में दो सगे भाइयों की चाकूबाजी में मौत, पुलिस जांच में जुटी

Share With Friends or Family

भूमि विवाद ने मुंगेर में रिश्तों को तार-तार कर दिया। टेटिया बंबर थाना क्षेत्र के खपरा गांव में दो सगे भाइयों के बीच हुए खूनी संघर्ष में दोनों की मौत हो गई। चाकूबाजी की इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

खूनी संघर्ष- मौके पर एक की मौत, दूसरे ने रास्ते में तोड़ा दम

मुंगेर जिले के टेटिया बंबर थाना क्षेत्र के खपरा गांव में भूमि विवाद को लेकर दो सगे भाइयों के बीच हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोनों को अपनी जान गंवानी पड़ी। इस दर्दनाक घटना में बड़े भाई शैलेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटे भाई मुकेश कुमार ने अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि खपरा गांव निवासी चार भाइयों में शैलेश कुमार सबसे बड़े और मुकेश कुमार सबसे छोटे थे। वर्षों पहले भाइयों के बीच जमीन का बंटवारा हो चुका था, लेकिन शैलेश और मुकेश के बीच रास्ते के लिए भूमि छोड़ने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आए दिन कहासुनी और तनाव की स्थिति बनी रहती थी।

मुंगेर में रिश्तों पर भारी पड़ा जमीन का झगड़ा

मंगलवार को भी इसी विवाद को लेकर दोनों भाइयों के बीच पहले तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। शैलेश कुमार के पेट और चेहरे पर चाकू के कई वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल मुकेश कुमार को परिजन आनन-फानन में संग्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे मुंगेर सदर अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही टेटिया बंबर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर भेज दिया। वहीं हवेली खड़गपुर डीएसपी अनिल कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।

इसे भी पढ़ें :  मुंगेर के जमालपुर विधानसभा से NDA के जेडीयू प्रत्याशी नचिकेता मंडल ने कराया नामांकन, केंद्रीय मंत्री सह मुंगेर ललन सिंह भी पहुंचे, दिया बड़ा बयान

पुलिस जांच में जुटी, गांव में पसरा सन्नाटा

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्वजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दोहरे हत्याकांड के बाद खपरा गांव में शोक का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। भूमि विवाद में हुई इस दिल दहला देने वाली घटना ने एक बार फिर दिखा दिया है कि आपसी विवाद किस तरह पूरे परिवार को तबाह कर सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Share With Friends or Family

Leave a Comment