बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने दो दिवसीय दौरे पर मुंगेर जिले के तारापुर पहुँचे हुए है , जहाँ उन्होंने संग्रामपुर प्रखंड के रामपुर नहर मोड के पास बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री बिहार केसरी श्रीकृष्ण सिंह जी की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। साथ ही वे संग्रामपुर के खैरा मैदान में जनता के साथ पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम को भी सुना ।
बिहार केसरी श्रीकृष्ण सिंह को श्रद्धांजलि
प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार केसरी श्रीकृष्ण सिंह जी देश की आज़ादी की लड़ाई में एक महान स्वतंत्रता सेनानी रहे हैं। उन्होंने भारत छोड़ो आंदोलन में महात्मा गांधी के साथ मिलकर संघर्ष किया और आज़ादी के लिए काला पानी जैसी कठोर सज़ा भी झेली। ऐसे महान नेता की प्रतिमा का अनावरण करना उनके लिए गौरव का विषय है।
मुंगेर के लिए बड़ी विकास योजनाओं की घोषणा
इस मौके पर सम्राट चौधरी ने मुंगेर जिले के लिए कई बड़ी विकास योजनाओं की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि तारापुर, खड़गपुर और संग्रामपुर को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित किया किया जा रहा है। इसके लिए लगभग 50 एकड़ भूमि उद्योग लगाने के लिए उपलब्ध कराई गई है। वहीं असरगंज में भी इंडस्ट्री के लिए सर्वे किया जा रहा है। रोजगार और पलायन पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इन उद्योगों के शुरू होने से स्थानीय लोगों को यहीं रोजगार मिलेगा और उन्हें मजदूरी के लिए बिहार से बाहर पलायन नहीं करना पड़ेगा। आने वाले समय में मुंगेर औद्योगिक विकास का बड़ा केंद्र बनेगा। सिंचाई और किसानों के हित में बड़ी घोषणा करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि 2027 तक खड़गपुर के हनुमान डैम तक पानी पहुँचा दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने इंजीनियरों को निर्देश दिया कि मार्च 2026 तक सुल्तानगंज से हनुमान डैम तक गंगा जल पहुँचाने का काम पूरा किया जाए।
इसके अलावा बांका के फुलीडुमर तक भी गंगा जल लेकर जाने का लक्ष्य रखा गया है। इस के साथ ही सड़क, रेलवे को लेकर उन्होंने बताया कि तारापुर में फोरलेन सड़क का कार्य शुरू हो चुका है, जिसके लिए क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि थोड़ी परेशानी जरूर होगी, लेकिन भविष्य में इसका बड़ा लाभ मिलेगा।
सड़क, रेलवे और हवाई कनेक्टिविटी पर जोर
इसके साथ ही पूर्णिया से रक्सौल तक सिक्स लेन सड़क, नई रेलवे लाइन, सुल्तानगंज से देवघर रेल मार्ग, और सुल्तानगंज एयरपोर्ट का निर्माण भी किया जा रहे है। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री ने संग्रामपुर के खैरा में जनता के साथ पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना। इस मौके पर हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे। कुल मिलाकर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का यह दौरा मुंगेर जिले के लिए विकास की नई दिशा तय करता नजर आ रहा है। सड़क, उद्योग, सिंचाई और रोजगार के क्षेत्र में की गई घोषणाएँ आने वाले समय में मुंगेर की तस्वीर बदल सकती हैं।
