मुंगेर पुलिस ने अवैध मिनी गन फैक्ट्री का किया भंडाफोड़, पांच युवक गिरफ्तार, कई निर्मित-अर्धनिर्मित हथियार बरामद

Share With Friends or Family

मुंगेर में पुलिस और एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, दियारा इलाके में चल रहे मिनी गन फैक्ट्री का किया खुलासा, भारी मात्रा में निर्मित और अर्ध निर्मित हथियार के साथ पांच निर्माता गिरफ्तार, सदर डीएसपी अभिषेक आनंद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की दी जानकारी।

गुप्त सूचना पर हुई करवाई

दरअसल मुंगेर जिले में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता हाथ लगी है। बरियारपुर थाना क्षेत्र के गंगा पार तारापुर दियारा इलाके में चल रही अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस दौरान भारी मात्रा में निर्मित और अर्ध निर्मित हथियार के साथ पांच हथियार निर्माताओं को गिरफ्तार किया गया है। जबकि कुछ आरोपी दियारा का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। मामले की जानकारी देते हुए सदर डीएसपी अभिषेक आनंद ने पुलिस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तारापुर दियारा इलाके में अवैध हथियार निर्माण का काम चल रहा है।

सूचना का सत्यापन करने के बाद एसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में सदर डीएसपी के नेतृत्व में बरियारपुर थाना अध्यक्ष, एसटीएफ और सशस्त्र बलों को शामिल किया गया। टीम ने उक्त स्थान पर छापेमारी कर दियारा क्षेत्र को चारों ओर से घेर लिया। छापेमारी की भनक लगते ही सभी आरोपी भागने का प्रयास करने लगे, जिसे सशस्त्र बल के द्वारा खदेड़ कर पकड़ा गया।

लंबे समय से चल रहा था अवैध धंधा

गिरफ्तार सभी आरोपियों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मिर्जापुर वरदह गांव निवासी मोहम्मद सरफराज, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद मुबारक, मोहम्मद सरफराज और मोहम्मद मोसीर उर्फ पप्पू के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से 8 बेस मशीन, 12 अर्धनिर्मित देसी पिस्तौल, 2 निर्मित देसी पिस्तौल, 11 मैगजीन, 5 अधनिर्मित मैगजीन, 2 ड्रिल मशीन, 6 जिंदा कारतूस, 2 मोबाइल फोन और हथियार बनाने के ढेर सारे उपकरण बरामद किए हैं। डीएसपी अभिषेक आनंद ने बताया कि गिरफ्तार सभी व्यक्तियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और यह सभी लंबे समय से अवैध हथियार निर्माण के धंधे में सक्रिय थे। पुलिस अब फरार अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। जिसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share With Friends or Family

Leave a Comment